कविता:निंदिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कविता:निंदिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 18 अगस्त 2010

आ जा री निंदिया


जब नींद नहीं आती रातों में

खयालों में विचरण करती हूँ

लोग नींद में सपने देखते हैं

मैं जागती आँखों से नींद को ढूँढती हूँ।


मेरी आँखों से निकल कर नींद

जा बसी औरों की आँखों में

भूल गयी शायद वो भी मेरा घर

मैं उसे खोजती फ़िरती हूं।


नींद तू मेरी आँखो में आ जा

इन्तज़ार तेरा है मुझको

इन आँखों में फ़िर से समा जा

हर वक़्त ये चाहत रखती हूँ।


जीवन में तू कितनी अनमोल

अब है मुझको पता चला

पहले मैंने तुझको ठोकर मारी

अब पछताती रहती हूं।


पलकें तेरी स्वागत को तैयार

बस तेरे आने की देरी है

बहुत छकाती है तू मुझको

मैं फ़िर भी मनाती रहती हूँ।


तू कल्पना नहीं हक़ीकत है

जो सबकी आँखों में बसती है

मेरी आँखों में आ के बस जा

विनती यही मैं करती हूँ।


तू नहीं जानती तेरे इन्तज़ार में

मैंने कितनी रातें गँवाईं हैं

जब कुछ भी समझ नहीं आता

यूँ ही पन्ने भरती रहती हूं।


अब तो शायद तुझको थोड़ा

ही तरस आ जाये मुझ पर

तू वक़्त बेवक्त कभी भी आ जाये

बस इन्तज़ार तेरा करती हूँ।

000

पूनम