गुरुवार, 16 जुलाई 2015

ज़िन्दगी

तुम धीरे-धीरे आना
तुम चुपके चुपके
तुम छइयां छइयां आना
ना धूप लगे डर जाना ।

तुम बन के चंचल हिरनी
वन वन में कुलांचे भरना
मत अंखिया तुम बंद करना
शिकारी बन कर रहना ।

कुछ पांव तले गड़ जाये
ना फ़िकर कोई तुम करना
तुम आगे- आगे चलना
ना पीछे मुड़ते रहना।

तुम अपना पँख फैलाना
बन आजाद परिन्दा
चूमोगी नील गगन को
इक दिन तुम ये तय करना।

खुश रहना तुम हर पल
ना गम के साये में रहना
फूलों के संग संग कांटे
होते फूलों का गहना।
---

पूनम श्रीवास्तव

गुरुवार, 2 जुलाई 2015

हम टीका नहीं लगाते

                  
फ़िलहाल कुछ महीने बीते हो गये इस घटना को।पर मेरे मानस पटल पर वो घटना आज भी अंकित है।जब जब वो वाकया याद आता है दिल में एक बेचैनी सी उठती है।
                            जैसा कि नव रात्रि के दिनों में घर घर में देवी का पूजन भजन कीर्तन की धूम मची रहती है।सारा दिन सारी रात देवी के जागरण से पूरा शहर गुंजायमान रहता है।एक अलग ही खुशी होती है।शाय्यद ये देवी मां के प्रताप के कारण ही होता है।
  नवरात्रि के अन्तिम दिनों में छोटी कन्याओं को देवी व लड़कों को लंगूर के रूप में मानकर उनको भोजन कराया जाता है।इन दिनों इन बच्चों का उत्साह भी देखते बनता है।हां तो इसी नवरात्रि के नवमी वाले दिन मैंने भी बच्चों को भोजन कराया और कुछ उपहार में भी दिया।
      अचानक मेरी निगाह अपनी कालोनी में काम करने वाले सफ़ाई कर्मचारी की लड़की पर पड़ी।वो दूर से ही बड़े ध्यान से ये सब देख रही थी।
        मैंने तुरन्त इशारे से उसे पास बुलाया तो वो खुशी खुशी आ गयी।जैसे ही मैंने उसे टीका लगाने के लिए अपना हाथ उसके माथे की ओर बढ़ाया वो छः साल की छोटी सी बच्ची बोली—“आण्टी,हम टीका नहीं लगाते।”
       मेरे हाथ जहां के तहां रुक गये।मैंने उससे पूछा—“क्यों बेटा,ये तो भगवान का टीका है?”
     तब उस बच्ची ने जो जवाब दिया उसे सुन मैं हतप्रभ रह गयी।वो बोली—“आण्टी हम मुसलमान हैं।हम लोग टीका नहीं लगाते।”
      मेरे हाथ से प्रसाद की प्लेट लेकर वो चली गयी और में किंकर्तव्यविमूढ़ होकर उसे जाता देखती रही।
           0000

पूनम श्रीवास्तव

रविवार, 10 मई 2015

तुम याद बहुत आती हो मां---।

तुम याद बहुत आती हो मां
तुम याद बहुत आती हो मां---।

बचपन में तुम थपकी दे कर
मुझको रोज सुलाती मां
अब नींद नहीं आने पर
तेरी याद बहुत आती है मां।

पग-पग पर तेरी उंगली थाम के
चलना हमने सीखा था मां
थक जाते थे जब चलते चलते
आंचल की छांव बिठाती थी मां।

तन पर कोई घाव लगे जब
झट मलहम बन जाती थी मां
मन की चोट न लगने देती
प्यार इतना बरसाती थी मां।

वो सारी बातें सारी यादें
अक्सर हमें रुलाती हैं मां
जो ज्ञान दिया तुमने हमको
वो हमको राह दिखाता मां।

कोई दिवस विशेष नहीं पर
हर पल तुम संग में रहती मां
हमसाया बन कर साथ हमारे
दिल में हर पल तुम बसती मां।

तुम याद बहुत आती हो मां
तुम याद बहुत आती हो मां---।
000
पूनम श्रीवास्तव





शुक्रवार, 1 मई 2015

अरे ओ मजदूर

(फ़ोटो-गूगल से साभार)
अरे मजदूर, अरे मजदूर
तुम्हीं से है दुनिया का नूर
फ़िर क्यों तुम इतने मजबूर।

अपने हाथों के गट्ठों से
रचते तुम हो सबका बसेरा
पर हाय तुम्हें सोने को तो बस
मिला एक है खुला आसमां
अरे मजदूर, अरे मजदूर।
तुम हो क्यों इतने मजबू्र।

बारिश,धूप कड़ी सर्दी में
तन पर वही पुरानी कथरी
बुन बुन कर दूजों के कपड़े
बुझती है नयनों की ज्योति
अरे मजदूर, अरे मजदूर।
तुम हो क्यों इतने मजबू्र।

अनाज भरे बोरे ढो ढो कर
भरते जाने कितने गोदाम
फ़िर भी दोनो वक्त की रोटी
तुम्हीं को क्यूं ना होती नसीब
अरे मजदूर,अरे मजदूर।
तुम हो क्यों इतने मजबू्र।
0000
पूनम श्रीवास्तव



रविवार, 16 नवंबर 2014

पुस्तक परिचय

                             
 

  सभी पुस्तकों का प्राप्ति स्थल

रजनी प्रकाशन
रजनी विला,डिबाई-202393
मोबाइल09412653980,0574-265101

         श्रीमती रजनी सिंह के कहानी संग्रह विहंगावलोकन एवं मुड़ते हुये मोड़ एवं यात्रा वृत्तांत आओ चलें सैर करें तथा एक कविता संग्रह प्रकृति कृति प्रकृति मेरे सामने है।कहानी संग्रह की अधिकांश कहानियां मध्यम वर्गीय परिवारों के ऐसे प्रसंगों को छूती हैं जो अभी तक अनछुए पड़े हैं।मार्मिक एवं कठोर सत्य को उजागर करने वाले प्रसंग।प्रायःसभी कहानियां मर्मस्पर्शी एवं प्रेरणादायक हैं।
       एक बात जो सबसे अच्छी लगी वह यह कि कहानियां छोटी एवं अति सरल भाषा में प्रस्तुत की गयी हैं।आज के पाठक वर्ग की यही सबसे बड़ी मांग है।अन्यथा आज तो कहानियां क्या सामान्य रचनाएं तक शब्दाडंबर की अच्छी खासी नुमायश लगाने वाली होती हैं। आज के लेखक शायद इसी में अपनी गरिमा अनुभव करते होंगे।वे भूल जाते हैं कि सूर,तुलसी,प्रेमचन्द ने कालजयी रचनाएं कैसे दीं।मेरी कामना है कि लेखिका की ये तथा जो भी लिखी जा रही हों,सभी रचनाएं इसी प्रकार अनछुए सच का दर्शन कराती रहें।
  यात्रा वृत्तान्त आओ सैर करें,अच्छे शब्द चित्र प्रस्तुत करता है।पाठक जैसे स्वयं उन स्थानों को अपनी आंखों से देखता चलता है।यही यात्रा वृत्तान्त की विशेषता होनी चाहिये।प्रकृति कृति प्रकृति मनोरम काव्य रचना है।बोधगम्य तो है ही आज हम जो प्रकृति से लगभग कट चुके हैं,उसके घावों को भरने वाली हैं।
   ठोड़े में बात यह है कि कहानियां छोटी होने के कारण ही सर्वप्रिय हैं।कुछ दुखती रगों को छूने वाली,कुछ प्रेरणा देने वाली तो कुछ दिल को भर देने वाली हैं।सभी का निचोड़ यही है कि जीवन सुख-दुख और निराशाओं घर है।फ़िर भी ये कहानियां हमारे भीतर उम्मीद जगाती हैं।मेरी कामना है कि श्रीमती रजनी सिंह जीवन के उजाले पक्ष को लेकर ही लेखनी चलाती रहें।इसमें वो सफ़ल हों।
                  000
प्रेम स्वरूप श्रीवास्तव
Mobile no--07376627886

गुरुवार, 13 नवंबर 2014

फ़रियाद

काली कोट में लाल गुलाब,
चाचा तुमको करते याद,
बाल दिवस हम संग मनायें,
बस इतनी सुन लो फ़रियाद।

बचपन क्यों अब रूठा रहता,
हर बच्चा क्यों रोता रहता,
आओ चाचा नेहरू आओ,
सारे जहां को तुम बतलाओ।

खेल खिलौने साथ छीन कर,
क्यूं सब हमें रुलाते हैं,
भारी बस्तों और किताबों,
में हमको उलझाते हैं।

क्या हमने कुछ गलत किया है,
जिसकी हमको सजा मिली है,
प्यारे थे सब बच्चे तुमको,
सुन लो इनकी ये फ़रियाद।

आओ चाचा नेहरू आओ,
जन्म दिवस हम संग मनाओ।
000

पूनम श्रीवास्तव

रविवार, 2 नवंबर 2014

राज़दां

उन्हें शक है हम उनके राज़दां बन गये हैं
उन्हें देख कर बेजुबां बन गये हैं।
नहीं है खबर क्या उन्हें आज यारों
कल क्या थे हम आज क्या बन गये हैं।
नहीं याद उनको वो तन्हाई के दिन
इकरारे महफ़िल और इसरार के दिन।
छोटा सा नाटक किया था उन्होंने
छुपाने को इक राजे महफ़िल भी मुझसे।
उन्हें डर था शायद बयां हो न जाये
कहीं राजे महफ़िल भी मेरी जुबां से।
नहीं देखते हैं वो क्या आज लेकिन
कि खुद ही बयां हो रहा राजे महफ़िल।
छुपाने दिखाने का नाटक ये क्यूं है
बयां जब खुदी कर रहे राजे महफ़िल।
उन्हें शक है कि हम उनके राजदां बन गये हैं
उन्हें देख कर बेजुबां बन गये हैं।
00000
पूनम