रविवार, 27 मार्च 2011

रुसवाई


जमाने ने रुसवा किया है मगर

हमें उनसे कोई शिकायत नहीं है।

बद अच्छा बदनाम बुरा

ये जुमला उन्हीं की अमानत रही है।

कदम दर कदम हमें धोखा दिया

ये हमेशा से उनकी फ़ितरत रही है।

न समझा जमाने ने मुझको जरा भी

न ही समझने कि उसे फ़ुर्सत रही है।

जहां में अकेले हमीं तो नहीं

जिसे दर्द सहने की आदत नहीं है।

शिकवा करे किसी से भी क्यों

जब खुदा की ही हम पर इनायत नहीं है।

000

पूनम

मंगलवार, 15 मार्च 2011

मन की व्यथा


इधर चार पांच दिनों से कुछ लिखने का मन नहीं कर रहा था।जापान में हुयी तबाही प्रकृति की विनाशकारी लीला,उस पर उसका भयानक ताण्डव शायद जेहन से उतर ही नहीं रहा है। ऐसा लगता है जैसे दिमाग ने काम करना बंद कर दिया है। समाचार पत्रों और टी वी पर दिखाये जाने वाले महाविनाश का दृश्य आंखों से हट ही नहीं रहा है। मन बहुत बेबस बेचैन और अपने आप को बहुत लाचार समझ रहा है।

क्या अपने हाथ में कुछ भी नहीं है? हम क्या केवल देखने और सुनने के लिये ही रह गये हैं। जो लाखों लोग सुनामी की लहरों में खो गये,शहर के शहर को प्रकृति ने अपने कोप का भाजन बना लिया जो बचे वो भी अपने अपने प्रिय जनों से बिछड़ बिखर गये। किसी को किसी के बारे में कुछ नहीं पता।

हालां कि प्रकृति के प्रलयंकारी रूप से हम आप भी सुरक्षित नहीं हैं। ये जिन्दगी किसी की अपनी नहीं है। कभी भी कहीं भी कुछ भी हो सकता है पर जब तक सांस है तब तक आस है। इसी उम्मीद पर लोग जीते भी हैं। आज हम अपने अपने घरों में बैठ कर आराम से खाना खा रहे हैं,टी वी पर न्यूज व सीरियल देखने में लगे हैं।

पर हर कौर गले में अटकता हुआ सा महसूस होता है। सच मानिये जब भी खाना सामने आता है वो तबाही का मंजर किसी शूल की भांति दिल में चुभ सा जाता है।और यह तबाही बर्बादी अभी भी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। मन इतना अशान्त हो गया है कि कुछ भी अच्छा नहीं लगता । पर मन को कैसे समझाये कि जो हर वक्त वहीं का चक्कर लगाता रहता है। बस आज आपसे मन की व्यथा बांटने का मन हुआ और लिखने बैठ गयी।

सांई नाथ के आगे जब भी हाथ जोड़ती हूं दिल से यही प्रार्थना करती हूं कि हे सांई बाबा जो भूकंप और सुनामी की लहरों में समा गये उनकी अत्मा को शान्ति देना।जो अनाथ बेघर और अपना सब कुछ गंवा कर बच गये हैं उनको भी शान्ति दो। धैर्य के साथ इन विकट परिस्थितियों का सामना करने का संबल दो । हे प्रभु इन सबके साथ हमेशा अपने आशीष के हाथ रखना। इस वक्त तुम्हारे सहारे से बढ़ कर कोई दूसरा नहीं दिखता। हम सबको तुम्हारे सहारे की जरूरत है।

कुछ पंक्तियाँ…

प्रकृति अपना विनाशकारी रूप है दिखला रही

कभी भूकंप,कभी सुनामी बन सब कुछ है निगल रही

कितने शहर,गाँव इसके आगोश में समा गये

अपने दूजे सब बिखर गये कितने…

गिनती कोई रही नहीं।

जुदा हुई आँखें

खोई खोई सी दिख रही…

जीने को अब बचा क्या

शायद साँसें यही हैं कह रहीं।

लेकिन प्रकृति का तो तांडव

अभी भी बरकरार है

कितने कहर और ढायेगी

किसी को कुछ पता नहीं।

फ़िर भी आलम समाज का देखिये

उसपर जैसे असर नहीं

कुछ चेते, फ़िर भी अभी

कुछ की आँखें बन्द पड़ीं।

किसी की सत्ता में जाँ है

तो कोई कुर्सी के है पीछे पड़ा

दुराचार और भ्रष्टाचार में

अब भी कोई कमी नहीं।

हैवानों की हैवानियत में

कोई फ़र्क पड़ा नहीं

एक तरफ़ प्रकृति का प्रकोप

तो,इनका कहर भी कम नहीं।

आँखें नम हैं,दिल है रोता

क्यों नहीं समझता अब भी कोई

आओ सबके लिये दुआ करें

जो गये,जिनकी साँसें बची हुईं।

जीवन का भरोसा नहीं

हँस लो,मुस्कुरा लो

अब भी वक़्त है,बंद करो सब

प्रकृति सबक सिखा रही।

000 पूनम

गुरुवार, 10 मार्च 2011

खुशगवार उजाला


उजाले आजकल तुम

कहां खो गये हो

मुंह छुपा कर अपना

किन वादियों में सो गये हो।

दिल के आईने पर भी

है बुराइयों की धूल जम गयी

जो बार बार कोशिश करने

पर भी साफ़ होती नहीं।

आईने पर गर्द

इस तरह बैठ गयी

कि अब कुछ भी साफ़

नजर आता नहीं।

कभी गैर लगे अपने

कभी अपने ही लगते बेगाने

सच क्या है झूठ क्या

ये जानना अब आसां नहीं।

चेहरे पर जो नकाब लगाये

घूमते हैं लोग

उसकी ओट में क्या छुपा है

यह भी नजर आता नहीं।

अंधेरे के सन्नाटे में ही

किसी की चीख दबा दी गयी

यूं सरे आम भी कोई रोशनी

की सही राह देख पाता नहीं।

अब तो निकलो

अपने उजाले की किरणों से

अंधेरे में फ़ैल रही

इंसानियत की कालिमा

को खत्म करो।

आईने पर पड़ी हुयी

मन की गंदगी को

समाज में फ़ैल रही

अमानवीयता तथा

भ्रष्टाचार रूपी धूल की

परत को हटाओ।

दिल पर अपनी चमचमाती

खुशगवार व सुनहरी रंगत

से सबके मन में फ़ैल जाओ

ताकि धूल हटने के बाद

सभी की आंखें खुल सकें

और आईने में सब कुछ

हंसता मुस्कुराता नजर आये।

000

पूनम

शनिवार, 5 मार्च 2011

चींटी की कोशिश






चींटी
चढ़ी पहाड़ पर


फ़िसलती गिरती बार-बार

जितना ही वो कोशिश करती

आ गिरती नीचे धाड़-धाड़ ।


दूर से देख रहा था बंदर

बैठा बैठा डाल पर

देख को चींटी को बेहाल

तरसा उसके हाल पर।


बोला ज़ोर से-“ओ नन्हीं चींटी

क्यों करती कोशिश खाली पीली

गिर गयी जो तू नीचे

बचेगी ना फ़िर हड्डी पसली।


चढ़ना छोड़ पहाड़ पे तू

ये तेरे बस की बात नहीं

पहाड़ पे यूँ ही चढ़ जाना

इतना है आसान नहीं।”


चींटी बोली –“बंदर भैया

क्यों मेरी हिम्मत गिराते हो?

कोशिश से ही मिलती मंज़िल

क्या तुम ये नहीं जानते हो?”


बंदर बोला-“कर लो कर लो

कोशिश चाहे लाखों बार

हाथ ना आयेगी मंज़िल

चाहे आज़मा लो फ़िर एक बार।”


सुन चींटी को आया जोश

बोली “अब तो ज़रूर चढ़ूँगी

चाहे जां चली ही जाये

चढ़ कर ही मैं दम लूँगी।”


आखिर कोशिश दम लाई

चींटी खुशी से चिल्लाई

“चढ़ी पहाड़,मैं जीत गयी

देख लिया बंदर भाई!”


बंदर ने खुश हो दी बधाई

“बात पते की तूने बताई

कोशिश नहीं जाती बेकार

समझ में मेरे अब आयी।”

पूनम

गुरुवार, 24 फ़रवरी 2011

दीवानगी की हद


मौत आती भी नहीं जां जाती भी नहीं

भंवर में फ़ंसे मांझी सी सांसें अटकी ही रहीं।

तेरे यादों के दिये जलाये हैं हुये

पर तू आस पास नजर आई ना कहीं।

खयालों में डूबा हूं तेरे इस कदर

न यहीं का रहा ना रहा कहीं।

ये दीवानगी की ही हद है शायद मेरी

एक तरफ़ा प्यार मेरा कभी तो जीतेगा सही।

मेरे प्यार की जुस्तजू है प्यार की इन्तहां

तेरे इनकार पर भी एतबार नहीं।

प्यार की ताकत है कोई कच्ची डोर नहीं

खिंची चली आयेगी तू रहे जहां भी कहीं।

धड़कनें देतीं दस्तक दिल के बन्द पट खोल जरा

मुस्कराता सा नजर आऊंगा बंद पलकों से ही देख सही।

तेरे कदमों की आहट को सुन रहा हूं कब से

तेरी राहों में हरदम मेरी पलकें हैं बिछी ।

0000

पूनम

शनिवार, 5 फ़रवरी 2011

मुस्कुराहट


किसी की बेबसी पर मत हंसो इतना

कि बेबसी को भी इक दिन तूम पर न तरस आये।

गम के आंसुओं में मत डुबाओ किसी को इस कदर

कहीं इक दिन तुम्हारा भी दामन न उसमें तर जाये।

मत खोदो मौत के गड्ढे किसी के लिये भी तुम

कहीं खुद तुम्हारे ही पांव न उसमें धंस जायें।

किसी के प्यार का सिला इतनी नफ़रत से न दो

कहीं वो अंजाम तुम्हारे ही साथ न हो जाये।

बस प्यार भरा दिल रख ज़रा देख लो इतना

तुम्हारी मुस्कुराहट से ही किसी की ज़िन्दगी संवर जाये।

000

पूनम

शुक्रवार, 14 जनवरी 2011

कहां गयीं वो मीठी लोरी----


अगर आप अपनी आंखें कुछ क्षणों के लिये बन्द करें। और याद करें अपने शैशव काल को----तो आपको कानों में मां द्वारा गायी जाने वाली छोटी-छोटी लोरियों की पंक्तियां---मां के मधुर स्वरों में जरूर सुनायी पड़ेंगी। हो सकता है आपने भी अपने लाडले / लाडली को सुलाने के लिये उन्हीं पंक्तियों में से कुछ को गुनगुनाया भी हो।ये लोरियां सिर्फ़ लोरियां न होकर अबोध शिशु के लिये एक सम्बल रहती थीं,इस बात का कि वो अब निर्भय होकर मां की गोद में सो जाये। दुनिया की कोई भी ताकत अब उसका किसी भी प्रकार का अहित नहीं कर सकता।

इतना ही नहीं इन लोरियों के माध्यम से ही मां अपने बच्चों को जो भी सीख देती थी, जो भी कहानियां सुनाती थी,जो भी मार्ग दिखाती थी वो बच्चे के मानस पटल पर इस तरह से अंकित हो जाती थी कि बच्चा जीवन भर उससे प्रेरणा लेता था। और अपने जीवन के किसी मोड़ पर जब वह किसी भी मुसीबत में पड़ता था तो वही लोरियां एक गुरू के समान उसका मार्ग दर्शन करती थीं। उसे हर संकट से बचाती थीं। शायद इसी लिये मां को पहली शिक्षक होने का गौरव भी हासिल है।

लेकिन आज क्या आपको किसी युवती के मुंह से अपने बच्चे को सुलाने के लिये वैसी कोई पंक्ति सुनायी पड़ती है।शायद नहीं सुनायी पड़ती होगी। आज के बढ़ते भौतिकतावद की अन्धी दौड़ और बढ़ रहे औद्योगीकरण के धुंधलके में हमारी पारंपरिक लोरियां भी खो गयी हैं।अब तो शायद बच्चों को सुलाने के लिये भी आडियो कैसेट या सी डी का सहारा लिया जाता है। बच्चा अगर थोड़ा बड़ा हुआ तो उसे या तो क्रेश में भेज दिया जायेगा या फ़िर वो किसी आया के सहारे पलेगा।ऐसे में कहां से हमें सुनाई देंगी लोरियों की मधुर पंक्तियां?

यद्यपि इसके पीछे भौतिकतावद की दौड़ तो है ही लेकिन उसके साथ ही दूसरे बहुत से भी कारण हैं। मां बाप अपने बच्चे की सुख सुविधा के लिये ही धन कमाने के लिये परेशान रहते हैं। दोनों ही अपने बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिये नौकरी करने लगते हैं। संयुक्त परिवारों की परंपरा भी खत्म होती जा रही है।परिवारों में बाबा दादी नहीं हैं। बाबा दादी गांवों में रह रहे हैं या किसी अन्य शहर में।यह मजबूरी हर मां के सामने है कि वह चाहते हुये भी बच्चे के लिये समय नहीं दे पाती।बच्चा मां बाप के साथ दूर शहर के अजनबी माहौल में रहता है।ऐसे में भला बच्चे को शैशवावस्था में लोरी कहां से नसीब होगी?

मैं यहां कुछ बहु प्रचलित लोरियों की पंक्तियां उदाहरण स्वरूप दे रही हूं।उनमें जो सन्देश जो भाव हैं ,उनके लिये तो आज के बच्चे तरसते ही हैं--- लल्ला लल्ला लोरी / दूध की कटोरी / दूध में बताशा / मुनिया करे तमाशा । अब इन पंक्तियों में शब्दों का जो दुहराव है वो तो बच्चे को सोने की दवा का काम करेगा ही। इसके साथ ही जो भावना इस लोरी के साथ जुड़ी है कि मां चाहे गरीब हो या अमीर---वो हर हालत में बच्चे को दूध बताशा खिलायेगी।इसी तरह जरा आप इन पंक्तियों पर भी विचार करें------- चन्दा मा मा ---आरे आवा पारे आवा / नदिया किनारे आवा /सोने की कटोरिया में /दूध भात लेहले आवा / बाबू के मुइयां में घुटुक ।

चांदनी रात में जब मां अपने प्यारे बच्चे को कन्धे पर लेकर सुलाने की कोशिश करती हुयी यह लोरी गाती होगी---तो उसके मन का सारा प्यार,स्नेह बच्चे को सुलाने के लिये काफ़ी होता होगा----उस पर से चन्दा मामा से की गयी यह स्नेहसिक्त याचना---निश्चय ही बच्चा जीवन पर्यन्त मां की यह लोरी नहीं भूलेगा।

इसी तरह एक लोरी पर आप और गौर फ़रमाइये-----

सो जा प्यारी गुड़िया रानी/ मेरी प्यारी राज दुलारी/राज कुवंर जी आयेंगे / एक दिन तुझे ले जायेंगे-----

इस लोरी में भी मां अपनी प्यारी बेटी को यह कह कर सुलाने की कोशिश कर रही है कि ---मेरी राजदुलारी सो जा --- मैं तेरे लिये राजकुमार ही ढूंढ़ कर तेरा विवाह करूंगी।

लेकिन अफ़सोस की बत यह है कि आज हम इन प्रचलित लोरियों को भूलते जा रहे हैं। आज के समाज की स्थिति तो यह हो चुकी है कि बच्चों को माता पिता शुरू से ही टेलीविजन,वीडियो गेम,और कार्टून के आदी बनाने लगते हैं। लोरियां सुनने की उम्र में ही बच्चा कार्टून नेटवर्क और एनिमेशन फ़िल्मों के मायाजाल में उलझने लगता है। और शैशवावस्था में ही वह मां की गोद में सोने के बजाय या तो क्रेश में पहुंच जाता है या फ़िर आया की गोद में। ऐसी स्थिति में कहां से उसके अन्दर मां – पिता, बाबा –दादी, या नाना- नानी के प्रति संवेदनायें जागृत हो पायेंगी ? कहां से वो जुड़ पायेगा परिवार के साथ?आज हम सभी को मिल कर लोरियों की इस खतम हो रही परंपरा को बचाना ही होगा। इसी विचार से प्रेरित होकर मैंने यह लोरी लिखी है। आप भी मेरी इस लोरी को पढ़िये –और फ़िर से एक बार अपने शैशवकाल में वापस लौट जाइये----

एक लोरी

लाडली ओ लाडली
सो जा मेरी लाडली
देर न कर निंदिया रानी
सोने चली मेरी लाडली।
लाडली…………………।

मां पापा की लाडली
बहना की तू सखी भली
भइया को प्यारी गुडिया
जैसी बहना तू मिली।
लाडली…………………॥

तू नाजुक फूलों जैसी
निश्छल तू दर्पण जैसी
तेरी मुस्कराहट पर
खिलती दिल की कली कली।
लाडली……………………।

तू शीतल सी चांदनी
जो छेड़े दिल की रागिनी
तेरी बोली लगती ऐसी
मिश्री की जैसी डली।
लाडली……………………॥

मां की उंगली पकड़ के घूमी
घर आँगन और गली गली
सब कुछ सूना सूना लगता
बिन तेरे मेरी लली।
लाडली…………………॥

पढ़ लिख कर तू नाम करे
जग तुझपे अभिमान करे
तेरी रोशनी से रोशन हो
धरती से अम्बर की गली।
लाडली…………………………।


मां का लाडला एक दिन कोई
तुझको लेने आयेगा
मां का आँचल सूना करके
उसके संग तू हो चली।
लाडली……………………।

तेरे जीवन में खुशियों की
बगिया हो महकी महकी
पर भूल न जाना तू कभी
मां के आंगन की गली।
लाडली ओ लाडली
सो जा मेरी लाड़ली।
***************

पूनम